तीन दिन बाद हुआ पोस्टमार्टम, केस अब भी दर्ज नहीं खड्डा (कुशीनगर)। सरकार की सख्ती के बावजूद पुलिस जघन्य मामलों में केस दर्ज करने में हीलाहवाली से बाज नहीं आ रही है। खड्डा थानाक्षेत्र के एक महिला का शव दो दिन पहले महराजगंज जिले के सोहगीबरवां थानाक्षेत्र में मिला था। परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई, लेकिन ऐसे प्रकरण में भी केस दर्ज नहीं हो सका। काफी प्रयास के बाद सोमवार को शव का पोस्टमार्टम हो पाया।
खड्डा थानाक्षेत्र के एक गांव की रहने वाली दो बच्चों की मां एक सप्ताह से लापता था। घरवालों ने पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। शनिवार की शाम को पड़ोसी जिला महराजगंज के सोहगीबरवां के जंगल में महिला शव पेड़ से लटका मिला। मृतका के भाई ने चार लोगों पर सामूहिक दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। परिजनों के मुताबिक शनिवार को शव मिला था, लेकिन दूसरे दिन काफी प्रयास के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए महराजगंज भेजा गया। इसके बाद सोमवार को पोस्टमार्टम हो सका। मृतका के परिजन सीमा विवाद व कानूनी दांवपेच से हतप्रभ हैं। महराजगंज पुलिस का तर्क है कि घटना की शुरुआत खड्डा थानाक्षेत्र से हुई है, लिहाजा कार्रवाई वहीं होनी चाहिए।
केस दर्ज कर खड्डा पुलिस को ट्रांसफर होगा
महराजगंज जनपद के निचलौल क्षेत्र के सीओ रणविजय सिंह का कहना है कि घटना की शुरुआत खड्डा क्षेत्र से हुई है। महिला को पहले गलत नियत से भगाने से संबंधित तहरीर परिजनों ने 13 जनवरी को शिवपुर पुलिस चौकी को दी थी, लेकिन महिला का शव महराजगंज जिले में मिला है। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर केस खड्डा पुलिस को स्थानांतरित कर दिया जाएगा।
पुलिस जघन्य मामलों में केस दर्ज करने में हीलाहवाली से बाज नहीं ,तीन दिन बाद हुआ पोस्टमार्टम